समुद्री तट वाले दमन शहर को घूमने का यह समय है सबसे बेस्ट, कर ले तैयारी

Daman Tourism : अगर आपको शांत और समुद्री वातावरण पसंद है तो दमन आपके लिए एक बेहतरीन पर्यटन स्थल हो सकता है। भव्य प्राचीन चर्च और किले यहां के मुख्य आकर्षण हैं। यह चार सौ से अधिक वर्षों तक पुर्तगालियों के अधीन रहा है। ऐसे में यहां औपनिवेशिक युग के निशान आज भी देखे जा सकते हैं।
 

Daman Tourism : अगर आपको शांत और समुद्री वातावरण पसंद है तो दमन आपके लिए एक बेहतरीन पर्यटन स्थल हो सकता है। भव्य प्राचीन चर्च और किले यहां के मुख्य आकर्षण हैं। यह चार सौ से अधिक वर्षों तक पुर्तगालियों के अधीन रहा है। ऐसे में यहां औपनिवेशिक युग के निशान आज भी देखे जा सकते हैं। आज दमन अब दीव के साथ एक अलग केंद्र शासित प्रदेश है।

दमन गंगा नदी इस शहर के बीच से होकर गुजरती है। इस तरह यह नदी इसे मुख्य रूप से दो भागों में विभाजित करती है। दो पुल इन दो भागों को जोड़ते हैं। एक तरफ नानी दमन है। यहां का मुख्य आकर्षण सेंट जेरोम किला है, जिसे नानी दमन किला भी कहा जाता है। करीब 1,250 वर्ग मीटर में फैले इस किले की चारदीवारी पर चढ़कर आप चारों तरफ से नानी दमन के नजारे देख सकते हैं। चैपल ऑफ ऑवर लेडी ऑफ रोज़री चर्च नानी दमन का एक और प्रमुख आकर्षण है।

दमन गंगा नदी के दूसरी तरफ मोती दमन का इलाका है। यहां मौजूद मोती दमन किला भी पुर्तगाली साम्राज्य की याद दिलाता है।  किले के चारों ओर खूबसूरत सड़कें बनाई गई हैं, जिनके किनारे छोटे-छोटे बगीचे हैं। यहां मोती दमन का बोम जीसस चर्च पुर्तगाली वास्तुकला का नमूना पेश करता है। चर्च में बेहद कलात्मक ढंग से नक्काशीदार लकड़ी की वेदी है। इसके दरवाजों पर की गई कारीगरी भी देखने लायक है।

शानदार बीच

दमन अरब सागर की लहरों वाले बीच के लिए मशहूर है। इन्हीं में से एक है देवका बीच। नानी दमन से करीब तीन किलोमीटर दूर देवका बीच दमन का अहम पर्यटन स्थल है। यहां बच्चों के खेलने के लिए समुद्र किनारे कई पार्क बनाए गए हैं, जहां परिवार के साथ बीच पर छुट्टियां मना सकते हैं। मोती दमन के दक्षिण में स्थित जम्पोर बीच दमन का एक और लोकप्रिय बीच है। यहां आप घुड़सवारी और ऊंट की सवारी का भी मजा ले सकते हैं। अगर आप समुद्र किनारे एकांत का मजा लेना चाहते हैं तो दमन से 27 किलोमीटर दूर गोमतीमाला बीच जा सकते हैं। यहां आप शांति से सूर्योदय और सूर्यास्त के नजारों का लुत्फ उठा सकते हैं।

कब जाएं?

दरअसल, यहां जाने का सबसे आदर्श मौसम अक्टूबर से अप्रैल के बीच है। लेकिन आप जुलाई से सितंबर के बीच मानसून का लुत्फ़ उठाने के लिए भी यहां आ सकते हैं। हल्की बारिश में यह एक बेहतरीन पर्यटन स्थल बन जाता है। हालांकि, भारी बारिश के कारण कुछ परेशानियों का सामना भी करना पड़ सकता है।

कैसे जाएं?

सबसे नज़दीकी हवाई अड्डा नानी दमन में है, जहां से वडोदरा और मुंबई जैसे शहरों से नियमित उड़ानें हैं। सबसे नज़दीकी रेलवे स्टेशन वापी है, जो प्रमुख शहरों से जुड़ा हुआ है। यह शहर से लगभग बारह किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। अगर आप सड़क मार्ग से आना चाहते हैं, तो पश्चिमी भारत के लगभग सभी बड़े शहरों से सीधी बस सेवा उपलब्ध है।

कहां ठहरें?

दमन एक लोकप्रिय पर्यटन स्थल है। इसलिए यहां ठहरने के लिए सुविधाओं की कोई कमी नहीं है। यहां हर बजट के होटल और होमस्टे उपलब्ध हैं। यहां महंगे रिसॉर्ट भी मिल जाएंगे।

मिरासोल लेक गार्डन

यह एक मनोरंजन पार्क है। यहां बच्चों के लिए टॉय ट्रेन भी है। गार्डन के पास एक वाटर पार्क भी है जो इसे पिकनिक के लिए एक बेहतरीन डेस्टिनेशन बनाता है।  दमन का लाइटहाउस भी यहाँ की पहचान है। लाइटहाउस से आप पूरे दमन को देख सकते हैं। अपनी तरह का इकलौता सत्यनारायण मंदिर भी यहीं स्थित है। इसी तरह भगवान महावीर का जैन मंदिर भी दमन के अन्य आकर्षणों में शामिल है।