Weather Update: देश की राजधानी सहित उत्तर भारत में फिर सताएगी ठंड, IMD ने किया साफ

Weather Forecast: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड और कोहरे ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। दिन के समय में भी हाड़ कंपाने वाली ठंड जारी है। अगले चार से पांच दिनों तक सुबह और रात के समय घना कोहरा छाया रहेगा।
 

Saral Kisan : दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर-भारत में अभी कड़ाके की ठंड और कोहरे का प्रकोप आने वाले 5 दिनों तक बरकरार रहेगा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कहा कि अगले पांच दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत के अलग-अलग इलाकों में सुबह के समय घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। आईएमडी ने यह भी भविष्यवाणी की है कि 15 जनवरी के आसपास भारत से पूर्वोत्तर मानसून की समाप्ति के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो रही हैं। मौसम पूर्वानुमान एजेंसी ने अपने रोजाना बुलेटिन में कहा कि 15 जनवरी तक पंजाब के कुछ हिस्सों और हरियाणा, चंडीगढ़ के अलग-अलग इलाकों में सुबह कुछ घंटों के लिए घने से बहुत घने कोहरे की स्थिति बनी रहने की संभावना है। इसमें कहा गया है, 'शुक्रवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में सुबह कुछ घंटों के लिए घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है और अगले तीन दिनों तक घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।'

imd ने यह भी अनुमान लगाया है कि शुक्रवार को पंजाब और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों और हरियाणा-चंडीगढ़ में व 15 जनवरी तक पंजाब के अलग-अलग इलाकों में सर्द दिन से लेकर भीषण सर्द दिन की स्थिति जारी रहने की संभावना है। उत्तरी राजस्थान में 12 जनवरी की सुबह बहुत घना कोहरा पड़ने की संभावना है। इसके बाद इसमें कमी आएगी। वहीं, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, असम, मेघालय, मिजोरम, त्रिपुरा में 11-15 जनवरी, जम्मू डिविजन, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तरी मध्य प्रदेश, ओडिशा, बिहार, पश्चिम बंगाल, सिक्किम में 11 और 12 जनवरी को सुबह कोहरा छाया रहेगा।

कश्मीर में शून्य से नीचे तापमान

कश्मीर में भीषण शीत लहर से कोई राहत नहीं मिल रही है और घाटी में तापमान शून्य से नीचे बना हुआ है। अगले कुछ दिनों तक मौसम में कोई सुधार नहीं होगा। कश्मीर में मौसम शुष्क रहने और बर्फबारी नहीं होने से रात में जमा देने वाली ठंड पड़ रही है जबकि दिन अपेक्षाकृत गर्म हैं। श्रीनगर में दिन का तापमान सामान्य से आठ डिग्री अधिक है। जम्मू में पिछले कुछ दिनों से श्रीनगर से अधिक ठंड पड़ रही है। जम्मू इस समय घने कोहरे की चपेट में है, जिसके कारण ठंड बढ़ गई है। काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से 4.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि उत्तरी कश्मीर में गुलमर्ग का तापमान शून्य से 4.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। उत्तरी कश्मीर के गुलमर्ग के स्की रिसॉर्ट में तापमान शून्य से 3.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 6.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। कोकेरनाग शहर में न्यूनतम तापमान शून्य से 2.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि कुपवाड़ा में तापमान शून्य से 5.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

ये पढ़ें : उत्तर प्रदेश में योगी सरकार ने जनता को दी सौगात, रोडवेज बसों में इन लोगों का नहीं लगेगा किराया