उत्तर प्रदेश सरकार जून 2024 तक बनाएगी 70 नए स्टेट हाईवे, 10 मीटर होगी चौड़ाई

UP News : उत्तर प्रदेश में योगी सरकार इसी वर्ष के जून महीने तक 70 नए स्टेट हाईवे बनाने का काम कर देगी। इन स्टेट हाइवे को न्यूनतम दो लेन तक बनाया जाएगा। इन हाईवे से प्रदेश को तेज रफ्तार मिलेगी और आम जन को आने जाने में सुविधा मिलेगी।
 

Saral Kisan, UP : उत्तर प्रदेश में घोषित हुए 70 नए राज्य मार्ग (स्टेट हाइवे) अगले छह महीने में बना दिए जाएंगे। इन सड़कों को चौड़ा करते हुए स्टेट हाइवे बनाने का काम लोक निर्माण विभाग युद्धस्तर पर करेगा। घोषित स्टेट हाइवे को न्यूनतम दो लेन का बनाया जाएगा। कुछ नए राज्यमार्ग ऐसे भी हैं जिन्हें सीधे चार लेन बनाया जाएगा। इन हाइवे के बन जाने पर प्रदेश की आर्थिक गतिविधियां और तेज होंगी।

यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की सरकार ने प्रदेश की आर्थिक गतिविधियों को गति देने और लोगों को आने जाने के लिए सुविधाजनक सड़कें दिए जाने के लिए 2020-21 में अधिक दबाव वाले प्रमुख जिला मार्गों व अन्य जिला मार्गों में से 70 मार्गों को स्टेट हाइवे बनाने के लिए चिन्हित किया था।

इन स्टेट हाइवे में से कुछ फोर लेन भी बनेगें

नये घोषित हुए 70 स्टेट हाइवे की लंबाई 5604 किलोमीटर है। इन मार्गों को कम से कम दो लेन किए जाने का प्रावधान घोषणा के समय किया गया था। पीडब्ल्यूडी के विभागाध्यक्ष एके जैन के मुताबिक घोषित स्टेट हाइवे में से अधिकांश सड़कों पर पहले से दो लेन की जगह उपलब्ध थी। लिहाजा, इन सड़कों को स्टेट हाइवे बनाने का काम पूरी रफ्तार से शुरू कर दिया गया है। कुछ सड़कें ऐसी हैं, जिन्हें फोर लेन भी किया जा रहा है। ये सभी सड़कें जून 2024 तक स्टेट हाइवे के मानकों के मुताबिक बनाकर तैयार कर दी जाएंगी।

स्टेट हाइवे के मुताबिक दो लेन सड़क पेब्ड सोल्डर के साथ दस मीटर तक चौड़ी की जाएगी

स्टेट हाइवे घोषित सड़कें कम से कम दो जिलों को जोड़ने वाली हैं। दो से अधिक जिले भी इन नए राज्य मार्ग से जुड़े हैं। स्टेट हाइवे उन सड़कों को घोषित किया जाता है जिन सड़कों पर 6000 से 15000 पैसेंजर कार यूनिट (पीसीयू) 24 घंटे में गुजरती हैं। स्टेट हाइवे के मानक के मुताबिक दो लेन सड़क फुटपाथ को मिलाकर 10 मीटर चौड़ी की जाती हैं।

स्टेट हाइवे से होने वाले लाभ:

कम से कम दो जिलों के बीच वाहनों के आवागमन की गति बढ़ जाएगी। सड़कें चौड़ी होने से इन जिलों में उद्योगों की स्थापना में तेजी आएगी। उद्योगों के स्थापित होने से संबंधित क्षेत्र में आर्थिक व कारोबारी गतिविधियां बढ़ने से लोगों का जीवनस्तर ऊंचा उठेगा।

ये पढ़ें : सिंगापुर ओर शिकागो की तर्ज पर बसेगा UP का ये नया शहर, लोगों को मिलेंगी विश्वस्तरीय सुविधाएं