हेल्थ इंश्योरेंस लिए लोगों को मिला तोहफा, 1 घंटे में कैशलैस इलाज की अनुमति, 3 घंटे में क्लेम सेटेलमेंट

Health insurance : देश के हेल्थ इंश्योरेंस लेने वालों को बड़ी सौगात मिली है। स्वास्थ्य बीमा पॉलिसियों की रेगुलेटरी नॉर्म्स में IRDAI प्राधिकरण ने कई प्रकार के बदलाव किए है। अब बीमा कंपनी को एक घंटे के भीतर कैशलेस इलाज देने का निर्णय लेना होगा और पॉलिसीधारक को किसी भी परिस्थिति में अस्पताल से छुट्टी मिलने का इंतजार नहीं करना होगा।

 

Health insurance News : नई दिल्ली बीमा नियामक एवं विकास प्राधिकरण (इरडा) ने बुधवार को स्वास्थ्य बीमा पर अलग-अलग जारी 55 सर्कुलर निरस्त कर मास्टर सर्कुलर जारी किया। इसमें कहा गया है कि बीमा कंपनियों को कैशलेस इलाज का अनुरोध मिलने पर एक घंटे में फैसला लेना होगा। 

IRDAI ने कहा, मास्टर सर्कुलर बीमाधारकों के सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसमें बीमाधारक के लिए उपलब्ध स्वास्थ्य बीमा नीति में पात्रता को एक स्थान पर लाया गया है। सर्कुलर तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है। यह नए लॉन्च होने वाले प्लान पर लागू होगा। मौजूदा पॉलिसी के लिए इसे करने के लिए कंपनियों को 30 सितंबर तक का समय दिया गया है।

फ्री लुक कैंसिलेशन सीमा 30 दिन... पहले यह 15 दिन थी

मोरेटोरियम पीरियड 8 वर्ष से घटकर 5 वर्ष हुआ। अब 60 महीने की लगातार कवरेज पूरी होने के बाद अगर कोई धोखाधड़ी साबित नहीं होती है तो हेल्थ इंश्योरेंस की कोई भी पॉलिसी और दावा नॉन-डिस्क्लोजर या मिसइंटरप्रिटेशन (गलत निरूपण) के आधार पर विवादित नहीं होगा। पहले यह अवधि 96 माह थी। पहले से मौजूद बीमारियों के लिए वेटिंग पीरियड 3 वर्ष होगा। पहले यह 4 वर्ष था। फ्री लुक कैंसिलेशन पीरियड अब 30 दिन किया गया। पॉलिसी डॉक्यूमेंट मिलने के 30 दिन में यदि ग्राहक पॉलिसी के नियमों और शतों से संतुष्ट नहीं है तो पॉलिसी कैंसिल कर सकता है। पहले अवधि 15 दिन थी।

बीमा वापसी की सुविधा मिली, दो विकल्प होंगे

बीमाधारक 7 दिन का लिखित नोटिस देकर पॉलिसी अवधि के दौरान किसी भी समय पॉलिसी कैंसिल कर सकता है। यदि पॉलिसी की अवधि एक वर्ष तक है और इस दौरान कोई क्लेम नहीं किया गया है, तो कंपनी पॉलिसी की बची अवधि के लिए आनुपातिक प्रीमियम वापस करेगी। एक वर्ष से अधिक अवधि वाली पॉलिसी के संबंध में, जिनमें पॉलिसी वर्ष के लिए जोखिम कवरेज शुरू नहीं हुआ है, बीमा कंपनी बची पॉलिसी अवधि का प्रीमियम वापस करेगी। 100% कैशलेस सैटलमेंट, रिएम्बर्समेंट कम से कम कैशलेस एनीवेयर सुविधा के तहत बीमा कंपनी नॉन-नेटवर्क अस्पतालों में भी 100% कैशलेस क्लेम सैटलमेंट की कोशिश करेगी।